नए कृषि कानून को लेकर पूरे देश में किसानों का आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है। सरकार और आंदोलन कर रहे किसानों के बीच अभी तक सुलह नहीं हो पाई है। इस बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक दिन के गुजरात दौरे पर जा रहे हैं। जहां वो कच्छ में किसान समुदाय और सिख किसानों से मुलाकात करेंगे। केंद्र सरकार और BJP सीधे किसानों के पास जाकर इस नए कानून के बारे में बताएंगे। अब पीएम मोदी खुद किसानों के बीच रहेंगे।

आज मंगलवार को पीएम मोदी एक दिन के दौरे पर गुजरात के कच्छ जा रहे हैं। वहां वो कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर गुजरात के सीएम विजय रूपाणी भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी सफेद रण का भी दौरा करेंगे। कच्छ के विघाकोट गांव में बनने वाला ऊर्जा पार्क देश का सबसे बड़ा नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन पार्क होगा। इसके साथ ही पीएम मोदी धोरडे में किसानों के साथ बातचीत करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य के सूचना विभाग की ओर से भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बसे सिख किसानों को पीएम मोदी से बात करने के लिए आमंत्रित किया गया है। 

इस मुलाकात से माना जा रहा है कि पीएम की किसानों से इस मुलाकात के जरिए सिख समुदाय और किसानों को संदेश देने की कोशिश की जाएगी। बता दें कि इसके पहले भी पीएम मोदी नए कृषि कानून के फायदों के बारे में कई बार चर्चा कर चुके हैं। यहां तक की उन्होंने अपने मन की बात कार्यक्रम के जरिए किसानों के बारे में उदाहरण देकर इस कानून के फायदे के बारे में बताया है।