नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयान और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर उठाए गए सवालों के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी को सीधे निशाने पर लिया और उन पर झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
अमित शाह ने कहा कि अमेरिका के साथ हुए समझौते में किसानों और मछुआरों के हित पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार झूठ फैला रहे हैं और लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। शाह ने रैली में कहा कि राहुल गांधी की रणनीति है “झूठ बोलो, जोर से बोलो और बार-बार दोहराओ”, लेकिन अब जनता इस झूठ की पहचान कर चुकी है।
गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इस समझौते में किसानों और मछुआरों की 100 प्रतिशत सुरक्षा सुनिश्चित की। शाह ने यूपीए सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले किसानों के हितों की अनदेखी होती थी और उनका कोई लाभ नहीं मिलता था। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए 2029 में भी केंद्र में सत्ता में आएगी।
अमित शाह ने पुडुचेरी में आयोजित रैली में तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि नारायणासामी की सरकार ने पुडुचेरी को गांधी परिवार का “एटीएम” बना दिया था। पीजी और डिप्लोमा सीटों की नीलामी की गई और अनुसूचित जाति-जनजाति के आरक्षित सीटें अमीरों को बेच दी गई थीं। परिवहन क्षेत्र में माफियाओं को जनता को परेशान करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई।
शाह ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में मोदी सरकार ने पुडुचेरी में व्यवस्था और विकास की ओर काम किया है। उन्होंने कहा कि अब निर्णय स्थानीय स्तर पर लिए जाते हैं और केंद्र से हस्तक्षेप नहीं होता। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिले 44 प्रतिशत वोट का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार गठबंधन का लक्ष्य 60 प्रतिशत वोट हासिल करना है।
गृह मंत्री ने जनता को आश्वस्त किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित की जा रही है और पुडुचेरी में विकास की नई दिशा कायम होगी।