उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन में एक बार फिर तकनीक और आस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस बार मामला एप्पल के वॉइस असिस्टेंट सिरी (Siri) से जुड़ा है, जिस पर आरोप है कि वह कुछ धार्मिक वाक्यों पर प्रतिक्रिया नहीं देती, जबकि अन्य पर तुरंत जवाब देती है।

स्थानीय धार्मिक संगठनों और कुछ ज्योतिषाचार्यों का दावा है कि “जय श्री राम” और “जय माता दी” कहने पर सिरी कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं देती, जबकि “सलाम वालेकुम” पर जवाब मिलता है। इस कथित अंतर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।

ज्योतिषाचार्य पवन पाठक ने दावा किया कि उन्होंने कई आईफोन पर यह परीक्षण किया और उन्हें यही अंतर देखने को मिला। उनके अनुसार, यह मामला तकनीकी असंतुलन नहीं बल्कि एक संवेदनशील विषय है, जिस पर एप्पल को ध्यान देना चाहिए।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर आपत्ति जताई है। पत्र में मांग की गई है कि एप्पल अपने सिस्टम में सुधार करे और सभी धार्मिक भावनाओं के प्रति समान व्यवहार सुनिश्चित करे। कुछ संगठनों ने इस पर कार्रवाई न होने की स्थिति में बहिष्कार की चेतावनी भी दी है।

वहीं, जूना अखाड़ा से जुड़े महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरी महाराज ने भी इस मामले पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि तकनीक में किसी भी तरह का धार्मिक भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता।

हालांकि, स्थानीय स्तर पर बढ़ते विवाद के बावजूद एप्पल की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह मुद्दा अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।