मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर जलभराव की समस्या ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छपार थाना क्षेत्र के बरला गांव में बारिश के बाद एनएच-58 की सर्विस रोड पर पानी भर गया है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

हालात ऐसे हैं कि सड़क का हिस्सा तालाब जैसा नजर आने लगा है। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर नाराज़गी जताते हुए विरोध भी दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते समाधान नहीं किया गया तो कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को भी इसी परेशानी से गुजरना पड़ सकता है।


ग्रामीणों के मुताबिक, बरला पुलिस चौकी के पास स्थित चौराहे का नाला लंबे समय से गाद और मिट्टी से पूरी तरह जाम पड़ा है। नाले की सफाई न होने के कारण बारिश का पानी निकासी नहीं पा रहा और पूरा क्षेत्र जलभराव की चपेट में आ जाता है। इसका असर आसपास के घरों तक भी पहुंच रहा है, जहां कई मकानों में पानी घुसने की स्थिति बन गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरी में लोग खुद ही फावड़े और अन्य साधनों से पानी निकालने का प्रयास कर रहे हैं।


ग्रामीणों ने प्रशासन से कांवड़ यात्रा से पहले नाले की तुरंत सफाई कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।