मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले: आगरा में आलू केंद्र, पुणे मेट्रो फेज-2 को मंजूरी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में तीन अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें 1975 में लगाए गए आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर एक विशेष प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें इसे “लोकतंत्र की हत्या” बताया गया। साथ ही, पुणे मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण तथा उत्तर प्रदेश के आगरा में अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र की स्थापना को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

आपातकाल पर कैबिनेट का प्रस्ताव

कैबिनेट बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मंत्रिपरिषद ने 1975 के आपातकाल की आलोचना करते हुए इसे संविधान पर किया गया गंभीर हमला बताया। इस प्रस्ताव में उस दौर के लोकतंत्र रक्षकों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा गया। प्रस्ताव में कहा गया कि 1975 का आपातकाल एक ऐसा समय था जब मौलिक अधिकारों, संघवाद और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कुचलने का प्रयास किया गया था।

सरकार ने युवाओं से आह्वान किया कि वे लोकतंत्र के इन रक्षकों से प्रेरणा लें, जिन्होंने अत्याचारों का विरोध कर भारत के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की।

पुणे मेट्रो फेज-2 को मंजूरी

कैबिनेट ने पुणे मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण को हरी झंडी दी, जिसमें वनज से चांदनी चौक (कॉरिडोर 2A) और रामवाड़ी से वाघोली/विट्ठलवाड़ी (कॉरिडोर 2B) तक दो एलिवेटेड मार्ग शामिल हैं। ये कुल 12.75 किलोमीटर लंबी परियोजना 13 स्टेशनों के साथ चार वर्षों में पूरी की जाएगी। यह विस्तार तेजी से बढ़ते उपनगरों को जोड़ने में मदद करेगा।

झरिया मास्टर प्लान को संशोधित मंजूरी

झारखंड के झरिया कोलफील्ड क्षेत्र में भूमिगत आग और विस्थापन की समस्या के समाधान के लिए 5,940 करोड़ रुपये के संशोधित मास्टर प्लान को स्वीकृति दी गई। इसमें प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, आजीविका सृजन और कौशल विकास कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी।

आगरा में बनेगा अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र

कैबिनेट ने अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र (CIP) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना आगरा के सिंगना में करने को मंजूरी दी है। इसके लिए 111.5 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। यह केंद्र आलू और शकरकंद की उत्पादकता, प्रसंस्करण, विपणन, टिकाऊ खेती और किसानों के प्रशिक्षण पर काम करेगा। उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही इसके लिए 10 एकड़ भूमि आवंटित कर चुकी है।

शुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष मिशन की सराहना

कैबिनेट ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के सफल प्रक्षेपण का स्वागत करते हुए उन्हें देश का गौरव बताया।

Read News: ‘संविधान की हत्या का दिन कभी नहीं भूलेगा देश’: आपातकाल पर पीएम मोदी का तीखा हमला

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here