कोलकाता/उत्तर 24 परगना। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। उत्तर 24 परगना जिले के टेंटुलिया में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को असम के स्थानीय मतदाताओं पर भरोसा नहीं था, इसलिए चुनाव में बाहरी लोगों को शामिल किया गया।
ममता बनर्जी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश से करीब 50,000 लोगों को ट्रेन के जरिए असम लाया गया, ताकि चुनावी नतीजों को प्रभावित किया जा सके। उनके अनुसार यह कदम लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की विभिन्न एजेंसियों की निष्पक्षता पर अब भरोसा नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने संस्थागत ढांचे को प्रभावित किया है। अपने संबोधन में उन्होंने तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि भाजपा पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
रैली के दौरान ममता बनर्जी ने वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के तहत लगभग 90 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि इनमें 60 लाख हिंदू और 30 लाख मुस्लिम मतदाता शामिल हैं।
इसके साथ ही उन्होंने असम के एनआरसी का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी करीब 19 लाख नाम सूची से बाहर किए गए थे, जिनमें 13 लाख हिंदू और 6 लाख मुस्लिम बताए गए हैं। ममता बनर्जी ने लोगों से अपील की कि वे भाजपा पर भरोसा न करें।
गौरतलब है कि असम की 126 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को मतदान संपन्न हुआ है और अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।