गुजरात के भरूच जिले स्थित झगड़िया GIDC औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मेट्रोपॉलिटन एक्सीकेम कंपनी के प्लांट में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में 10 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि उत्पादन यूनिट में किसी अज्ञात कारण से अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज आसपास के कई गांवों तक सुनाई दी, जिससे लोग घबरा गए।

इस घटना ने एक बार फिर GIDC क्षेत्रों में औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।