कोलकाता। महानगर में रविवार शाम एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। गोलपार्क इलाके के कंकुलिया रोड के पास असामाजिक तत्वों ने अचानक उत्पात मचाया, जहां गोली चलने और बम फेंके जाने की घटनाएं सामने आईं। अफरा-तफरी के बीच कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और इलाके में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हमले के पीछे कुख्यात अपराधी सोना पप्पू के गिरोह का हाथ हो सकता है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

घटना में कम से कम दो लोग घायल हुए हैं। बताया गया कि झड़प के दौरान दो गुट आमने-सामने आ गए, जिसके बाद पत्थरबाजी, फायरिंग और देसी बमों का इस्तेमाल किया गया। उपद्रवियों ने कई कारों और दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचाया, यहां तक कि एक पुलिस वाहन का शीशा भी टूट गया।

भाजपा ने सरकार को घेरा
इस हिंसक वारदात पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता दिलीप घोष ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बंगाल में अपराधियों का बोलबाला है और पुलिस तंत्र पर सरकार का नियंत्रण कमजोर हो चुका है। उनके मुताबिक आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और मौजूदा हालात सरकार की नाकामी को दर्शाते हैं।