ओडिशा के राउरकेला में मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब राउरकेला से जाजपुर जा रही प्रमिला बस चांदीपोष इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बस पेट्रोल पंप से निकलने के बाद अचानक अनियंत्रित होकर गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक दोनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को करीब एक दर्जन एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हाईटेक और अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
घटना के बाद इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी रहा।
स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी राहत कार्य में जुटे रहे। विधायक शारदा नायक, प्रतिनिधि प्रेम दास और युवा नेता विवेक गुप्ता समेत कई लोग घायलों की मदद के लिए अस्पताल पहुंचे।
सूत्रों के अनुसार हादसे में कुछ लोगों की मौत होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसमें दो लोग घटनास्थल पर और दो अस्पताल में दम तोड़ने की बात कही जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।