पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी की प्राथमिकताओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। भवानीपुर और नंदीग्राम सीट से जीत हासिल करने वाले अधिकारी ने कहा कि भाजपा अपने घोषणापत्र में किए गए हर वादे को पूरा करेगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई गारंटियों को जमीन पर उतारा जाएगा।
टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए अधिकारी ने उसे भ्रष्टाचार और परिवारवाद से ग्रस्त पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास स्पष्ट विचारधारा का अभाव है और आने वाले समय में उसका प्रभाव कम होगा।
क्या बोले शुभेंदु अधिकारी?
अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए अधिकारी ने कहा कि इस बार उन्होंने करीब 10 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने नंदीग्राम के मतदाताओं का आभार जताया और कहा कि उन्हें क्षेत्र के लोगों का भरपूर समर्थन मिला।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुस्लिम वोट बड़े पैमाने पर टीएमसी के पक्ष में गया। साथ ही कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।
ममता बनर्जी से मुकाबला
नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी उम्मीदवार पवित्र कर को 9,665 वोटों से हराया। वहीं भवानीपुर सीट पर उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,105 वोटों के अंतर से मात दी। इस सीट पर अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि बनर्जी को 58,812 वोटों से संतोष करना पड़ा। माकपा उम्मीदवार श्रीजीव बिस्वास इस मुकाबले में काफी पीछे रहे।
किस पार्टी को कितनी सीटें मिलीं?
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 294 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने 206 सीटों पर जीत दर्ज की है। तृणमूल कांग्रेस को 81 सीटें मिली हैं, जबकि एक सीट पर मतगणना जारी है। कांग्रेस के खाते में 2 सीटें आई हैं और एजेयूपी ने भी 2 सीटें जीती हैं। वहीं, माकपा सिर्फ 1 सीट हासिल कर सकी।