गुवाहाटी। असम में विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को गुवाहाटी पहुँचे और ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन किया।

यह नया छह लेन वाला पुल गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी को जोड़ता है। यह पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्स्ट्राडोज्ड पुल है और लगभग 3,030 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। पुल बन जाने के बाद इन दोनों इलाकों के बीच का सफर केवल सात मिनट में पूरा होगा, जिससे लोगों की यात्रा आसान और सुरक्षित होगी।

यहां देखें उद्घाटन का वीडियो...

पुल की विशेषताएँ

चूंकि असम भूकंप संवेदनशील क्षेत्र में आता है, इसलिए पुल को विशेष तकनीक के साथ बनाया गया है। इसमें ‘बेस आइसोलेशन टेक्नोलॉजी’ का इस्तेमाल किया गया है, जो भूकंप के झटकों को कम करने में मदद करती है। पुल में मजबूत और टिकाऊ केबल्स के साथ ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाया गया है। यह सिस्टम पुल की स्थिति पर नजर रखता है और किसी भी संभावित नुकसान का समय रहते पता लगाता है।

प्रधानमंत्री का संबोधन

गुवाहाटी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट हमारे लिए “अष्टलक्ष्मी” है। उन्होंने बताया कि इस बार का बजट नॉर्थ ईस्ट के आर्थिक विकास और आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने असम को केंद्र से पांच गुना अधिक सहायता प्रदान की है, जबकि कांग्रेस के समय यह राशि केवल 10 हजार करोड़ रुपये थी।

प्रधानमंत्री ने हाईवे और सड़क नेटवर्क पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचा रोजगार के अवसर भी बढ़ाता है। उन्होंने पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को याद करते हुए देश की सुरक्षा का संदेश दिया।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस देशहित के लिए साहसिक फैसले लेने में असमर्थ रही है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने 5G तकनीक को असम और पूरे नॉर्थ ईस्ट के गांव-गांव तक पहुँचाया है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में यह तकनीक केवल सीमित क्षेत्रों तक ही पहुँची थी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस तरह की परियोजनाएँ न केवल यातायात सुगम बनाएंगी, बल्कि असम और पूरे नॉर्थ ईस्ट के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगी।