कर्नाटक से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पर पांच साल की बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर उसकी हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। अधिकारियों ने कहा कि इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी नितेश कुमार को जब पकड़ा गया तो वह भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, इस दौरान जब पुलिस ने उसको रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर ही हमला कर दिया। बाद में पुलिस के साथ मुठभेड़ में आरोपी मारा गया।
पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज है मामला
जानकारी दें कि आरोपी नितेश कुमार पर पोक्सो अधिनियम के तहत हत्या और बलात्कार का भी मामला दर्ज है। मामले को लेकर हुबली पुलिस प्रमुख शशि कुमार ने मीडिया से बताया कि नितेश कुमार का गृहनगर बिहार के पटना में है। पुलिस टीम उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसके निवास पर ले जा रही थी। इसी दौरान उसने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया।
पुलिस प्रमुख ने कहा कि इस दौरान उसने एक पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस बीच एक पुलिस अधिकारी ने हवा में गोली चलाई। हालांकि, इस दौरान उसने भागने की कोशिश की। उस पर दो और राउंड फायर किए गए। इस फायरिंग के कारण वह घायल हो गया और उसको तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।