कन्नौज जिले में रविवार सुबह एक कोयला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया। यह घटना छिबरामऊ-तालग्राम रोड पर भाउलपुर तिराहे के पास सुबह करीब 8:34 बजे हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और पलटते हुए सड़क किनारे मौजूद दुकानों पर जा गिरा। ट्रक के नीचे भाउलपुर निवासी कन्हैया लाल की मिठाई और फल की दुकान पूरी तरह दब गई, जबकि पास में स्थित भोले पाल की परचून की दुकान भी इसकी चपेट में आ गई।

हादसे के समय वहां से गुजर रही कोचिंग जा रही तीन छात्राएं समेत कुछ अन्य लोग भी ट्रक के नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों को आशंका है कि ट्रक के नीचे और भी लोग फंसे हो सकते हैं।

सूचना मिलते ही छिबरामऊ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। साथ ही दमकल और एंबुलेंस सेवाओं को भी बुलाया गया। राहत और बचाव कार्य जारी है और क्रेन की मदद से ट्रक को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार ट्रक को हटाए जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं या किसी की मौत हुई है।