मेरठ के दिल्ली रोड पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब एक कैब अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे नाले में जा गिरी। इस हादसे में बैंक मैनेजर और कैब चालक दोनों घायल हो गए, हालांकि बैंक मैनेजर को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, नोएडा निवासी राजेश कुमार मेरठ कैंट स्थित एसबीआई शाखा में बैंक मैनेजर के पद पर तैनात हैं। सोमवार को वह कैब से बैंक जा रहे थे। कैब चालक घनश्याम, निवासी मैनपुरी, उन्हें लेकर दिल्ली रोड से गुजर रहा था।
इसी दौरान डीएन पॉलिटेक्निक के सामने एक बाइक सवार अचानक सड़क पर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कैब पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सीधे नाले में जा गिरी।
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नाले से बाहर निकाला और इलाज के लिए भेजा।
घटना के बाद क्रेन की मदद से कैब को नाले से बाहर निकाला गया, जिससे कुछ समय के लिए दिल्ली रोड पर यातायात बाधित रहा और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस के अनुसार, हादसा बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ।