बीच समुद्र में नशा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) और भारतीय तटरक्षक बल (ICG) के अधिकारियों ने लक्षद्वीप द्वीपसमूह के अपतटीय इलाके में समुद्र के बीच में एक मादक द्रव्य तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. अधिकारियों ने दो नावों की बीच समुद्र में ली गई तलाशी में 218 किलोग्राम हेरोइन बरामद किया है. 218 किलोग्राम हेरोइन की कीमत 1,526 करोड़ रुपये बताई जा रही है. वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को इस संबंध में पूरी जानकारी दी है.

https://twitter.com/ANI/status/1527850717972934658?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E1527850717972934658%7Ctwgr%5E%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.india.com%2Fhindi-news%2Findia-hindi%2Fmid-sea-drug-bust-dri-and-icg-recover-218-kg-heroin-from-two-boats-astonished-to-know-about-price-5404277%2F

मंत्रालय  ने बताया कि ‘ऑपरेशन खोजबीन’ के तहत ये कार्रवाई की गई थी, जिसमें दो नावों से ये मादक द्रव्य बरामद किए गए हैं.  ‘ऑपरेशन खोजबीन’ के नाम से 7 मई को शुरू किए गए एक संयुक्त अभियान में आईसीजी और डीआरआई के अधिकारियों ने 18 मई को लक्षद्वीप द्वीपसमूह के अपतटीय क्षेत्र में दो संदिग्ध नौकाओं को रोका था.

नौका की खोजबीन के बाद पूछताछ करने पर, चालक दल के कुछ सदस्यों ने स्वीकार किया कि उन्हें गहरे समुद्र में भारी मात्रा में हेरोइन की खेप मिली थी और उन्होंने इसे दोनों नावों में छुपाया था. दोनों नौकाओं को आगे की कार्यवाही के लिए कोच्चि ले जाया गया है.

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “कोच्चि में तटरक्षक जिला मुख्यालय में दोनों नावों की गहन तलाशी ली गई, जिसके परिणामस्वरूप हेरोइन के एक किलोग्राम के 218 पैकेट बरामद हुए. जब्त किया गया मादक द्रव्य उच्च श्रेणी की हेरोइन प्रतीत होती है और अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 1,526 करोड़ रुपये आंकी गई है.”

बता दें कि यह बीते कुछ महीनों में राजस्व आसूचना निदेशालय द्वारा जब्त की गई मादक पदार्थों की चौथी बड़ी खेप है.