दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैटों में फैली हुई थी, जिससे अंदर कई लोग फंस गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जिनमें से दो लोगों को हल्की चोटें आईं और उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर दमकल की 12 गाड़ियां, पुलिस, ट्रैफिक कर्मी और DDMA की टीमें मौजूद रहीं और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही।
पुलिस के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही विवेक विहार थाने की टीम और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में आग इमारत के ऊपरी फ्लोरों तक फैलती नजर आई।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के अनुसार, घटनास्थल से अब तक नौ शव बरामद किए जा चुके हैं। नगर पार्षद पंकज लूथरा ने बताया कि कुछ शव दूसरी और तीसरी मंजिल से, जबकि कुछ ऊपर की मंजिल से मिले हैं। उन्होंने कहा कि अभी मृतकों की पहचान करना मुश्किल है और डीएनए जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती स्तर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और फायर विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।