मुज़फ्फरनगर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और बढ़ते जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले इलाकों झांसी की रानी चौक, शिव चौक और भगत सिंह रोड पर की गई, जहां अक्सर अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे की देखरेख में इस अभियान को अंजाम दिया गया। मौके पर सीओ ट्रैफिक रविंद्र प्रताप सिंह और यातायात प्रभारी राकेश कुमार भी मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया और नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की। इस दौरान कुल 178 वाहनों के चालान किए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई लोग अपनी गाड़ियां हटाते नजर आए। वहीं कुछ दुकानदारों ने भी स्थिति को देखते हुए सामान समेटना शुरू कर दिया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। खासकर बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अवैध पार्किंग और सड़क कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, तीन सवारी से बचें और सभी जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें। पुलिस ने यह भी कहा कि निर्धारित गति सीमा का पालन कर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।