तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें केरल से आए पर्यटकों की एक वैन गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

यह दुर्घटना कोयंबटूर जिले के वेलपराई पहाड़ी क्षेत्र में हुई, जब केरल के मलप्पुरम से आए 13 पर्यटकों का दल घूमने के बाद वापस लौट रहा था। पुलिस के अनुसार, वैन वेलपराई-पोल्लाची हिल रोड पर स्थित एक खतरनाक मोड़ पर पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई।

बताया जा रहा है कि वाहन पहले सड़क किनारे लगे बैरियर से टकराया और फिर संतुलन खोकर सीधे गहरी खाई में गिर गया। हादसा इतना भयावह था कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही 8 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान जान गंवा दी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा 13वें हेयरपिन मोड़ के पास हुआ, जहां चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। दुर्घटना में चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कुछ यात्री मलप्पुरम स्थित एक स्कूल से जुड़े शिक्षक भी थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। खाई से शवों को बाहर निकालकर घायलों को पोल्लाची सरकारी अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वाहन का नियंत्रण कैसे और किन परिस्थितियों में बिगड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।