जोधपुर में एक बार फिर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस बार शहर के एक व्यवसायी को निशाना बनाया गया, जिससे 2 करोड़ रुपये की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मामला रातानाडा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे व्यापारी के मोबाइल पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को ‘टाइसन बिश्नोई’ बताते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा किया और सीधे 2 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग रखी।

पीड़ित व्यापारी के मुताबिक, आरोपी ने धमकी भरे अंदाज में कहा कि उसे उसकी दिनचर्या की पूरी जानकारी है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर रकम नहीं दी गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। व्यापारी ने समझदारी दिखाते हुए पूरी बातचीत को दूसरे मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। बाद में कॉल रिकॉर्डिंग भी जांच के लिए पुलिस को सौंप दी गई।

रातानाडा थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि शिकायत के आधार पर संगठित अपराध, रंगदारी और आपराधिक धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कॉल वास्तव में विदेश से किया गया था या किसी वर्चुअल नंबर के जरिए देश के भीतर से ही यह धमकी दी गई।

गौरतलब है कि जोधपुर में पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी और वसूली के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता एक बार फिर बढ़ गई है।