मुंबई से लंदन जा रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट उड़ान भरने के तीन घंटे बाद वापस मुंबई लौट आई। फ्लाइटरडार24 के अनुसार, यह विमान सुबह 5:39 बजे मुंबई से रवाना हुआ था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण उसे हवा में तीन घंटे रहने के बाद रिटर्न करना पड़ा।

एअर इंडिया ने अपने बयान में बताया कि ईरान में मौजूदा हालात बेहद तनावपूर्ण हैं और वहां का हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इसी वजह से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को या तो रास्ता बदलना पड़ा है या उन्हें अपने आरंभिक हवाई अड्डों पर लौटना पड़ा है।

प्रभावित उड़ानों की सूची:

  • AI130 (लंदन-मुंबई): विएना डायवर्ट
  • AI102 (न्यूयॉर्क-दिल्ली): शारजाह की ओर मोड़ी गई
  • AI116 (न्यूयॉर्क-मुंबई): जेद्दा डायवर्ट
  • AI2018 (लंदन-दिल्ली): मुंबई भेजा गया
  • AI129 (मुंबई-लंदन): वापस मुंबई लौटाई गई
  • AI119 (मुंबई-न्यूयॉर्क): मुंबई लौटाई गई
  • AI103 (दिल्ली-वाशिंगटन): दिल्ली वापस आई
  • AI106 (नेवार्क-दिल्ली): दिल्ली लौटी
  • AI188 (वैंकूवर-दिल्ली): जेद्दा डायवर्ट
  • AI101 (दिल्ली-न्यूयॉर्क): फ्रैंकफर्ट/मिलान की ओर मोड़ी गई
  • AI126 (शिकागो-दिल्ली): जेद्दा डायवर्ट
  • AI132 (लंदन-बेंगलुरु): शारजाह की ओर भेजी गई
  • AI2016 (लंदन-दिल्ली): विएना की ओर डायवर्ट
  • AI104 (वाशिंगटन-दिल्ली): विएना भेजी गई
  • AI190 (टोरंटो-दिल्ली): फ्रैंकफर्ट की ओर मोड़ी गई
  • AI189 (दिल्ली-टोरंटो): दिल्ली लौटाई गई

यात्रियों के लिए राहत की घोषणा
एअर इंडिया ने इस असुविधा के लिए यात्रियों से खेद जताते हुए कहा कि उन्हें ठहरने और वैकल्पिक बुकिंग जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। जो यात्री अपनी यात्रा स्थगित करना या रद्द करना चाहें, उन्हें पूरी राशि वापसी और नई बुकिंग का विकल्प दिया जाएगा।

ईरान-इज़राइल तनाव की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि इज़राइल द्वारा ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ के तहत ईरान पर हमला किए जाने के बाद ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। इस बीच इज़राइल ने भी अपनी सीमाओं पर आपात स्थिति की तैयारी बढ़ा दी है और हवाई क्षेत्र को आंशिक रूप से बंद कर दिया है।