मोगा। पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक लूट और धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सिटी मोगा की टीम ने चार शातिर महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को गुमराह कर लूट जैसी वारदातों को अंजाम देती थीं।
थाना सिटी के प्रभारी बरुण कुमार ने बताया कि बुधवार रात लगभग 11 बजे पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद तुरंत जोगिंदर चौक इलाके में रेड की गई। कार्रवाई के दौरान मोगा बस स्टैंड के पास से चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान प्रवीण (फिरोजपुर), सोनिया (फिरोजपुर), सोमा (फिरोजपुर) और प्रबीन (फिरोजपुर) के रूप में हुई है।
जांच में पता चला कि ये महिलाएं पहले भी लूट और धोखाधड़ी जैसी वारदातों में शामिल रही हैं और इनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। ये आम लोगों को धोखे में डालकर पैसे और सोने के जेवर लूटकर फरार हो जाती थीं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी मोगा में मामला दर्ज किया गया है और उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।