नई दिल्ली/रियाद। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल रविवार को एक आधिकारिक यात्रा पर सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंचे। इस दौरे के दौरान उन्होंने सऊदी अरब के शीर्ष नेतृत्व से कई महत्वपूर्ण मुलाकातें कीं।

भारतीय दूतावास के अनुसार, अजीत डोभाल ने सऊदी ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुलअजीज बिन सलमान, विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान और अपने समकक्ष मुसैद अल-ऐबान के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति और आपसी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इन बैठकों में दोनों देशों के बीच सहयोग को और गहरा करने पर जोर दिया गया।

क्षेत्रीय तनाव के बीच अहम दौरा

डोभाल का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्र में सुरक्षा हालात और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में बने हुए हैं।

इसी बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान से जुड़े घटनाक्रम ने भी माहौल को और संवेदनशील बना दिया है। पाकिस्तान में संभावित वार्ता से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी नौसेना ने एक ईरानी मालवाहक जहाज को जब्त किया है, जो कथित तौर पर नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहा था।