देश की 37 राज्यसभा सीटों पर सोमवार, 16 मार्च को मतदान होना है। इनमें से 26 सीटों पर पहले ही निर्विरोध सदस्य चुने जा चुके हैं। वोटिंग से पहले ही कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कांग्रेस विधायकों को कथित तौर पर क्रॉस वोटिंग के लिए 5-5 करोड़ रुपये की पेशकश किए जाने का बड़ा आरोप लगाया है।
‘ऑपरेशन लोटस’ का हिस्सा बताया
डीके शिवकुमार ने इसे बीजेपी के कथित “ऑपरेशन लोटस” का हिस्सा बताया। उनका कहना है कि यह मामला कर्नाटक के एक रिसॉर्ट में सामने आया, जहां कांग्रेस के विधायक ठहरे हुए थे। इस आरोप के सिलसिले में पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया और जांच शुरू कर दी है।
किस तरह किया गया कथित लालच
शिवकुमार के अनुसार, कांग्रेस विधायकों को भुवनेश्वर के लिए रवाना होने से पहले बिदादी के एक रिसॉर्ट में चार लोग नकदी लेकर पहुंचे और उनसे क्रॉस वोट करने को कहा। उन्होंने बताया कि इस काम में सुरेश नाम का एक स्थानीय व्यक्ति भी शामिल था। शिवकुमार ने कहा कि उनके विधायक ने जानकारी दी कि हर वोट के लिए 5 करोड़ रुपये की पेशकश की गई, लेकिन कांग्रेस के विधायकों ने किसी भी तरह की ‘हॉर्स-ट्रेडिंग’ के लिए हामी नहीं भरी।
बीजेपी पर निशाना
डीके शिवकुमार ने कहा कि इस मामले में पुलिस को सभी सबूत जब्त करने चाहिए और कानूनी कार्रवाई पूरी की जानी चाहिए। गिरफ्तार आरोपियों ने यह स्वीकार किया है कि वे इस मकसद से आए थे, जबकि बाकी लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है। उपमुख्यमंत्री ने इसे कर्नाटक में बीजेपी द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन लोटस’ बताया।
राज्यसभा के लिए वोटिंग आज
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के विधायक रविवार देर रात भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गए हैं। सोमवार को होने वाले राज्यसभा मतदान में वे हिस्सा लेंगे। इस बीच बीजेपी ने भी एक और उम्मीदवार उतारा है, जिससे क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं पर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। कांग्रेस और बीजू जनता दल दोनों ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। अब देखना होगा कि आज होने वाली वोटिंग में किन सीटों पर क्रॉस वोटिंग होती है।