नई दिल्ली। देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज की जयंती पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर एक भावपूर्ण संदेश साझा करते हुए उनके सामाजिक योगदान और नेतृत्व को याद किया।

प्रधानमंत्री ने लिखा, "मैं के. कामराज जी को उनकी जयंती पर श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं। वे स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी योद्धा थे और स्वतंत्र भारत के शुरुआती वर्षों में उन्होंने नेतृत्व की अनमोल मिसाल पेश की। उनके सिद्धांत और सामाजिक न्याय के लिए उनकी प्रतिबद्धता हम सभी को प्रेरित करती है।"

कामराज को भारतीय राजनीति में ‘किंगमेकर’ की उपाधि दी गई थी। उन्होंने न केवल तमिलनाडु की राजनीति को आकार दिया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी सादगी, ईमानदारी और जनता के प्रति प्रतिबद्धता आज भी आदर्श मानी जाती है।

के. कामराज का जीवन परिचय

के. कामराज का जन्म 15 जुलाई 1903 को तमिलनाडु के विरुधुनगर में हुआ था। वे 1952 से 1954 और फिर 1969 से 1975 तक लोकसभा सांसद रहे। इसके अतिरिक्त, वे 1954 से 1967 तक मद्रास विधानसभा के सदस्य भी रहे।

कामराज ने 1954 में मद्रास राज्य (अब तमिलनाडु) के मुख्यमंत्री का पद संभाला और 1963 तक इस पद पर कार्यरत रहे। बाद में उन्होंने संगठनात्मक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

उन्हें दो अवसरों पर प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव भी मिला, लेकिन उन्होंने संगठन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। कामराज 1964 से 1967 तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष रहे और पार्टी के पुनर्गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।