नई दिल्ली। राजधानी के लोगों को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली सरकार ने त्योहारों से पहले मुफ्त गैस सिलेंडर देने की योजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगी, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को होली और दिवाली पर बिना खर्च गैस सिलेंडर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस फैसले को जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि इससे लाखों परिवारों की रसोई का बोझ कम होगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहारों के दौरान किसी भी परिवार को खाना पकाने में दिक्कत न हो।

242 करोड़ रुपये का प्रावधान
इस योजना को लागू करने के लिए सरकार ने 242 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। यह राशि दिल्ली के पात्र राशन कार्ड धारक परिवारों पर खर्च की जाएगी। सरकार के अनुसार, इस बार होली से ही योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

सीधे खाते में पहुंचेगी मदद
योजना को पारदर्शी बनाने के लिए लाभार्थियों को गैस सिलेंडर की राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। प्रत्येक पात्र परिवार को 853 रुपये डीबीटी के जरिए ट्रांसफर किए जाएंगे, ताकि कोई बिचौलिया बीच में न आए और पूरी मदद सीधे लोगों तक पहुंचे।

सरकार का कहना है कि इस योजना से लाखों परिवारों को त्योहारों के समय राहत मिलेगी और रसोई का खर्च काफी हद तक कम हो जाएगा।