नई दिल्ली: लोकसभा में मंगलवार को भी सोमवार जैसी अव्यवस्था देखने को मिली। भारी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही पूरे दिन तीन बार स्थगित करनी पड़ी। सुबह 11 बजे शुरू हुई कार्यवाही विपक्ष के विरोध के चलते प्रश्नकाल पूरा न हो पाने के कारण 12 बजे तक के लिए टाल दी गई।
दोपहर 12 बजे जब सदन फिर से खुला, तो हंगामा जारी रहा और कार्यवाही को 2 बजे तक स्थगित करना पड़ा। दोपहर 2 बजे कार्यवाही शुरू हुई तो राहुल गांधी चर्चा के लिए खड़े हुए और चीन से जुड़े मुद्दे को उठाने पर अड़े रहे, जिससे सत्ता पक्ष ने आपत्ति जताई।
3 बजे तक कार्यवाही फिर से स्थगित करनी पड़ी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि वे पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब में छपे एक मैगजीन लेख का हवाला देकर सदन की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं।
असन पर मौजूद अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने राहुल गांधी को बोलने का अवसर दिया, लेकिन जब उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाया, तो रिजिजू ने इसे असंगत बताते हुए बात रोकने का आग्रह किया। इस बीच सदन में किसी सदस्य ने ‘यार’ शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर चेयर ने कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि संसद में शिष्टाचार का पालन करना अनिवार्य है।
सत्ता पक्ष का कहना है कि चूंकि किताब अभी प्रकाशित नहीं हुई है, इसलिए इसे हवाले के रूप में प्रस्तुत करना उचित नहीं। वहीं, राहुल गांधी का कहना है कि इस विषय से देश की सुरक्षा और चीन-पाकिस्तान संबंधी गंभीर मुद्दे जुड़े हैं। हंगामा बढ़ने के बाद आसन ने राहुल से कहा कि यदि वे अपनी बात रखना चाहते हैं, तो नियमों का पालन करते हुए करना होगा।
लोकसभा में यह विवाद पहले से चली आ रही विपक्ष-सत्तापक्ष टकराव की झलक रहा, जिसमें नेताओं ने कई बार सदन स्थगित कराने पर मजबूर होना पड़ा।