प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को श्रीला भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की 125वीं जयंती के अवसर पर 125 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी करेंगे और वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी।
स्वामी प्रभुपाद ने इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शसनेस (इस्कॉन) की स्थापना की थी, जिसे आमतौर पर ‘हरे कृष्ण आंदोलन’ के रूप में जाना जाता है। इस्कॉन ने श्रीमद भागवत गीता और अन्य वैदिक साहित्य का 89 भाषाओं में अनुवाद किया, जो दुनियाभर में वैदिक साहित्य के प्रसार में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्वामी प्रभुपाद ने 100 से अधिक मंदिरों की स्थापना भी की और दुनिया को भक्ति योग का मार्ग दिखाने वाली कई किताबें भी लिखीं।
एएसआई संरक्षित स्मारकों पर 2020-21 के दौरान 75 प्रतिशत कम सैलानी आए
कोविड-19 संकट से बुरी तरह प्रभावित वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के केंद्रीय स्तर पर संरक्षित स्मारकों में पर्यटकों की तादाद इसके पिछले साल के मुकाबले करीब 75 प्रतिशत घटकर 1.19 करोड़ रह गई। नीमच निवासी आरटीआई कार्यकर्ता चंद्रशेखर गौड़ ने मंगलवार को बताया कि उनकी अर्जी पर एएसआई ने उन्हें सूचना के अधिकार के तहत यह जानकारी दी।
आरटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक एएसआई के केंद्रीय स्तर पर संरक्षित स्मारकों में वित्त वर्ष 2019-20 में करीब 4.84 करोड़ पर्यटक पहुंचे। ब्योरे के मुताबिक इन स्मारकों में वित्त वर्ष 2018-19 में 5.31 करोड़, 2017-18 में 5.18 करोड़ और 2016-17 में 4.81 करोड़ पर्यटकों ने कदम रखा था।