नई दिल्ली/तेल अवीव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 फरवरी से इजरायल के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। यह जानकारी सोमवार को समाचार एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से दी। इससे पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि मोदी अगले हफ्ते इजरायल का दौरा करेंगे।

नेतन्याहू ने भारत के साथ संबंधों को बेहद मजबूत बताया और इसे “जबर्दस्त गठबंधन” करार दिया। उन्होंने कहा, “संसद में भाषण होने वाला है। अगले हफ्ते कौन आ रहा है? नरेंद्र मोदी। भारत और इजरायल हर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।”

नेतन्याहू ने भारत को “शक्तिशाली देश” बताते हुए कहा कि देश की जनसंख्या 1.4 बिलियन है और भारत आर्थिक और राजनीतिक दृष्टि से काफी मजबूत और लोकप्रिय है।

रणनीतिक साझेदारी और आपसी सहयोग

भारत ने हमेशा इजरायल-गाजा विवाद के समाधान के लिए ‘टू-स्टेट’ मॉडल का समर्थन किया है, लेकिन दोनों देशों ने आपसी फायदे और सुरक्षा हितों के लिए रणनीतिक साझेदारी बनाए रखी है।

पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी और नेतन्याहू के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत में दोनों ने रिश्तों को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया था। मोदी ने कहा, “मैंने अपने मित्र पीएम नेतन्याहू से चर्चा की। हमने भारत-इजरायल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप में हुई प्रगति का आकलन किया और सहयोग को और बढ़ाने पर सहमति जताई। साथ ही आतंकवाद के खिलाफ शून्य सहनशीलता के अपने साझा संकल्प को दोहराया। भारत इस क्षेत्र में शांति बनाए रखने के प्रयासों का समर्थन करता है।”

बताया जा रहा है कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमलों के बाद दोनों देशों के बीच बाइलेटरल बातचीत में बाधा आई थी, जिसके कारण नेतन्याहू का भारत दौरा रुक गया था।