पश्चिम बंगाल में होने वाले वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में जीत के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बंगाल में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. इस वर्ष दुर्गा पूजा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बंगाल के लोगों को संबोधित करेंगे. उनकी खुशियों में शामिल होंगे.

भाजपा महासचिव व प्रदेश भाजपा के केंद्रीय प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि दुर्गा पूजा 2020 के दौरान प्रधानमंत्री पहली बार बंगाल को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे और पूजा का हिस्सा बनेंगे. प्रधानमंत्री 22 अक्तूबर को महाषष्ठी के दिन बंगाल की पूजा में वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे.

इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी दुर्गा पूजा के पहले बंगाल आ रहे हैं. वह उत्तर बंगाल में बंगाल के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. श्री विजयवर्गीय ने कहा कि श्री शाह का बंगाल दौरा अक्टूबर महीने के मध्य में होगा. वह 12 से 18 अक्टूबर के बीच कभी भी आ सकते हैं.