बेंगलुरु। रेणुकास्वामी हत्याकांड में अदालत में पुलिस के आरोपपत्र दाखिल करने के एक दिन बाद इंटरनेट मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें हत्या से पहले रेणुकास्वामी को अपनी जान बचने के लिए गिड़गिड़ाते हुए देखा जा सकता है।

एक पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, 'कैमरे की तरफ देखते हुए बिना कपड़े पहने रेणुकास्वामी के चेहरे पर डर साफ झलक रहा था। इस तस्वीर को देखकर साफ समझ आता है की पीड़ित ने किस तरह यातनाएं झेली हैं।'

शरीर पर चोट के निशान

रेणुकास्वामी के शरीर पर चोट के कई निशान भी हैं। तस्वीर में वह अपनी जान की गुहार लगाता दिख रहा है। एक अन्य तस्वीर में पीड़ित एक ट्रक के पास जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है। उसे डंडे से पीटा गया, उसे बिजली के झटके दिए गए और जमीन पर उठाकर फेंक दिया गया, जिससे कई फ्रैक्चर हुए।

दर्शन के कपड़ों पर पाए गए खून के धब्बे

सूत्रों ने बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट से इस बात की पुष्टि होती है कि दर्शन के कपड़ों पर रेणुकास्वामी के खून के धब्बे पाए गए। दर्शन अपनी प्रेमिका पवित्र गौड़ा और 15 अन्य लोगों के साथ मामले में आरोपी है और यह सभी आरोपी राज्य की विभिन्न जेलों में न्यायिक हिरासत में हैं। 33 वर्षीय रेणुकास्वामी अभिनेता दर्शन के बहुत बड़े फैन थे।