उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा में एक मामूली कहासुनी ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। बर्थडे पार्टी के दौरान केक चेहरे पर लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और आखिरकार ट्रिपल मर्डर की वारदात में बदल गया। घटना के बाद जब तीनों शव घर पहुंचे तो पूरे इलाके में मातम छा गया और गांव शोक में डूब गया।
बर्थडे पार्टी में शुरू हुआ विवाद
यह घटना शनिवार देर रात थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में हुई। यहां फूटा दरवाजा मोहल्ला निवासी जीतू सैनी की जन्मदिन पार्टी चल रही थी। पार्टी के दौरान केक लगाने को लेकर कुछ युवकों में कहासुनी हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज और विवाद में बदल गई।
जिम में अंधाधुंध फायरिंग, तीन की मौत
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद जीतू सैनी गुस्से में वहां से चला गया, लेकिन करीब एक घंटे बाद वह अपने साथियों के साथ वापस लौटा। इस दौरान उसके पास भाई की लाइसेंसी पिस्टल भी थी। आरोप है कि जिम की पहली मंजिल पर पहुंचते ही उसने अमरदीप (35), मनीष (32) और आकाश (19) पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
फायरिंग में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भागने की कोशिश कर रहे आकाश को भी पीछा कर सिर में गोली मारी गई, जिससे उसकी भी मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से जिम में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने लगे।
सीसीटीवी डीवीआर भी ले गया आरोपी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और जाते-जाते जिम का सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गया, जिससे सबूत मिटाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, कई हिरासत में
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी, कई सीओ और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में अब तक 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घर पहुंचते ही मचा कोहराम
रविवार को जैसे ही तीनों मृतकों के शव घर पहुंचे, माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। हजारों लोग अंतिम दर्शन के लिए जुट गए। एक ही घर से तीन अर्थियां निकलते देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक मनीष और अमरदीप खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे, जबकि आकाश नौकरी की तलाश में था। मनीष की दो साल की बेटी है और अमरदीप के छोटे बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले अमरदीप के बड़े भाई की भी मौत हो चुकी थी, और अब तीन सदस्यों की एक साथ हत्या से पूरा परिवार टूट गया है।
शराब और पुरानी रंजिश की भी जांच
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पार्टी में शराब का सेवन किया जा रहा था। मौके से शराब की बोतलें, बीयर कैन और सिगरेट के अवशेष बरामद हुए हैं। इसके अलावा सैनी धर्मशाला को लेकर पुरानी रंजिश की भी आशंका जताई जा रही है।
छह टीमें गठित, जांच तेज
डीआईजी के अनुसार, मामले की गहराई से जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।