खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति, समुद्री सुरक्षा और विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। केंद्र ने कहा है कि देश में घरेलू एलपीजी, प्राकृतिक गैस और बंदरगाहों का संचालन पूरी तरह सामान्य है। साथ ही विदेश मंत्रालय लगातार भारतीय नागरिकों और समुद्री मार्ग से जुड़े नाविकों की सुरक्षा पर नजर बनाए हुए है।
खाड़ी देशों से लगातार संवाद जारी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के निर्देश पर भारत की खाड़ी देशों के साथ सक्रिय बातचीत चल रही है। उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने 19 अप्रैल को सऊदी अरब का दौरा किया था, जहां उन्होंने वहां के ऊर्जा मंत्री, विदेश मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की।
होर्मुज मार्ग पर जहाजों की सुरक्षा प्राथमिकता
भारत ने ईरान और अन्य संबंधित देशों से संपर्क कर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि हाल ही में फायरिंग की घटना सामने आने के बाद भारत ने इसे गंभीरता से उठाया है।
ईरान से बातचीत और नाविकों की सुरक्षा
भारत ने इस मामले में ईरानी राजदूत को तलब कर अपनी चिंता जाहिर की है और विदेश सचिव स्तर पर भी बातचीत हुई है। भारत ने स्पष्ट किया है कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवाजाही जरूरी है। ईरान की ओर से आश्वासन दिया गया है कि भारत की चिंताओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
24 घंटे निगरानी और सहायता व्यवस्था
विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव (गल्फ) असीम महाजन ने बताया कि क्षेत्र में भारतीय दूतावास और संबंधित कार्यालय 24 घंटे हेल्पलाइन के जरिए सक्रिय हैं। यात्रियों, उड़ानों, कांसुलर सेवाओं और भारतीय समुदाय की सहायता के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि अब तक 2,423 भारतीय नागरिकों को ईरान और अजरबैजान से सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि जॉर्डन और मिस्र से भी वापसी प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी है।
एलपीजी और गैस आपूर्ति सामान्य
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने जानकारी दी कि देश में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है। व्यावसायिक एलपीजी आपूर्ति में आई बाधा को काफी हद तक दूर कर लिया गया है और यह अब 70 प्रतिशत तक बहाल हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पूरी क्षमता के साथ जारी है और प्राथमिकता घरेलू जरूरतों तथा सार्वजनिक परिवहन को दी जा रही है। साथ ही 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अतिरिक्त एलपीजी उपलब्ध कराई जा रही है।
होर्मुज में भारतीय जहाजों पर फायरिंग
बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक मंदीप सिंह रंधावा ने बताया कि पिछले 48 घंटों में दो भारतीय जहाजों पर होर्मुज मार्ग से गुजरते समय फायरिंग की घटना हुई, जिसके बाद दोनों जहाज वापस फारस की खाड़ी लौट गए। हालांकि किसी भी चालक दल को नुकसान नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि मंत्रालय लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और अब तक 2,563 भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा चुकी है। देश के सभी बंदरगाहों पर सामान्य संचालन जारी है और किसी तरह की भीड़ या बाधा की स्थिति नहीं है।