पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हमलों के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने भारत के साथ अपने मजबूत संबंधों का भरोसा दिया है। भारत में यूएई के राजदूत अब्दुल नासिर अलशाली ने ईद के मौके पर एक खुला पत्र लिखकर कहा कि मौजूदा परिस्थितियों के बावजूद देश पूरी तरह सुरक्षित, स्थिर और सामान्य रूप से कार्यरत है। उन्होंने भारतीय समुदाय को आश्वस्त किया कि सुरक्षा, सेवाएं और व्यापार बिना किसी रुकावट जारी हैं।
हमलों और सुरक्षा पर जानकारी
राजदूत अलशाली ने पत्र में बताया कि ईरान ने यूएई पर 2000 से अधिक मिसाइल और ड्रोन हमले किए, लेकिन ज्यादातर को देश की सुरक्षा प्रणाली ने रोक लिया। इसके बावजूद बिजली, पानी, स्वास्थ्य, संचार और खाने-पीने जैसी सभी आवश्यक सेवाएं बिना किसी बाधा के चल रही हैं। होटल, मॉल, पर्यटन स्थल और बैंकिंग व्यवस्था भी सामान्य रूप से काम कर रही हैं।
यूएई में भारतीय समुदाय के लिए संदेश
अब्दुल नासिर अलशाली ने कहा कि यूएई में रहने वाले 40 लाख से अधिक भारतीय पूरी सुरक्षा और विश्वास के साथ जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि देश की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था ऐसे समय में भी स्थिरता बनाए रखती है। उन्होंने भारतीय कारोबारियों को भरोसा दिलाया कि व्यापार, सप्लाई चेन, बंदरगाह और एयरपोर्ट पूरी तरह संचालित हैं।
भारतीय समुदाय का योगदान
राजदूत ने कहा कि यूएई में रहने वाले भारतीय केवल प्रवासी नहीं, बल्कि देश का अहम हिस्सा हैं। वे काम करते हैं, परिवार बसाते हैं और यूएई के विकास में योगदान देते हैं। कई भारतीयों के लिए यह देश अब सिर्फ रोजगार का स्रोत नहीं, बल्कि उनका घर बन चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार लगातार भारतीयों की सुरक्षा की निगरानी कर रही है।
भारत-यूएई व्यापार और संबंध
भारत और यूएई के बीच व्यापार अब 100 अरब डॉलर से अधिक का हो चुका है। यूएई-भारत CEPA समझौते के तहत दोनों देशों के आर्थिक संबंध और मजबूत हो रहे हैं। इससे पहले 18 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बातचीत की थी और हॉर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित आवाजाही की आवश्यकता पर जोर दिया।