कोलकाता में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद आज शनिवार को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर सुवेंदु अधिकारी को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी।
शुक्रवार को हुई विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया था, जिसके बाद राज्य में नई राजनीतिक व्यवस्था का रास्ता साफ हो गया।
देश के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी
शपथ ग्रहण समारोह को भव्य और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में भाजपा के कई दिग्गज नेता मंच पर मौजूद हैं, जिससे कार्यक्रम का राजनीतिक महत्व और भी बढ़ गया है।
मंच पर दिखी बड़ी राजनीतिक मौजूदगी
समारोह स्थल पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर पहुंच चुके हैं। पूरे कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।
पीएम मोदी के साथ पहुंचे सुवेंदु अधिकारी
शपथ ग्रहण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं सुवेंदु अधिकारी के साथ ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचे। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी उनके साथ मौजूद रहे।
नई सरकार के गठन के साथ ही राज्य में राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है और पूरे देश की निगाहें इस शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हुई हैं।