नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि आतंकवाद आज मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस हमले में मारे गए लोगों के प्रति अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लौरेंसो द्वारा व्यक्त संवेदनाओं के लिए वह उनके आभारी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात हैदराबाद हाउस में अंगोला के राष्ट्रपति के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक के उपरांत साझा संवाददाता सम्मेलन के दौरान कही।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आतंकवाद और उसे समर्थन देने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर और निर्णायक कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत को सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में अंगोला के समर्थन की सराहना है।
अंगोला के राष्ट्रपति की यात्रा को बताया ऐतिहासिक
प्रधानमंत्री मोदी ने अंगोला के राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि 38 वर्षों के बाद किसी अंगोला राष्ट्राध्यक्ष की भारत यात्रा एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा और गति प्रदान करेगी, साथ ही भारत-अफ्रीका साझेदारी को भी मजबूती देगी। उन्होंने बताया कि भारत और अंगोला इस वर्ष अपने राजनयिक संबंधों की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। भारत ने अंगोला की स्वतंत्रता की लड़ाई में भी उसका समर्थन किया था।
रक्षा, तकनीक और खनिज क्षेत्र में सहयोग को मिलेगा विस्तार
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने अंगोला की सैन्य क्षमताओं के आधुनिकीकरण के लिए 20 करोड़ डॉलर की रक्षा ऋण सुविधा को स्वीकृति दी है। दोनों देशों के बीच रक्षा प्लेटफॉर्म की मरम्मत, पुनर्निर्माण और आपूर्ति पर भी बातचीत हुई है। भारत अंगोला की सशस्त्र सेनाओं को प्रशिक्षण देने के लिए भी तत्पर है।
इसके अतिरिक्त, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, अंतरिक्ष तकनीक, क्षमता निर्माण, स्वास्थ्य सेवा, हीरा प्रसंस्करण, उर्वरक निर्माण और प्रमुख खनिज क्षेत्रों में भी सहयोग को सुदृढ़ किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह साझेदारी आने वाले वर्षों में दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।