तमिलनाडु विधानसभा चुनावों की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं, लेकिन इस बीच तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) ने एआईएडीएमके-भाजपा के साथ गठबंधन की चर्चा को पूरी तरह झूठा करार दिया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) इस तरह की अफवाहें फैला रही है, जिससे मतदाताओं में भ्रम पैदा हो। टीवीके, अभिनेता से नेता बने विजय थलापति की पार्टी है।

‘एनडीए से गठबंधन का दावा पूरी तरह गलत’

टीवीके के उप महासचिव सीटीआर निर्मल कुमार ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए कुछ मीडिया संस्थान और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म झूठी खबरें फैला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीवीके और भाजपा-एआईएडीएमके या अन्य सहयोगी दलों के बीच कोई गठबंधन वार्ता नहीं हुई है।

टीवीके के मुख्य प्रवक्ता ने भी बयान में कहा कि किसी विशेष दल या राजनेता के साथ किसी भी स्तर पर कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले भी कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों के साथ टीवीके को जोड़ने के लिए इसी तरह की झूठी खबरें फैलाई गई थीं, जो पूरी तरह गलत थीं।

टीवीके ने डीएमके पर आरोप लगाया

टीवीके नेताओं का कहना है कि डीएमके के सदस्य और समर्थक पार्टी कार्यकर्ताओं में भ्रम फैलाने के लिए इस तरह की अफवाहें साझा कर रहे हैं। निर्मल कुमार ने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अनुरोध किया कि वे किसी भी खबर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें। उन्होंने कहा, “जीत केवल सच्चाई की ही होगी।”

पलानीस्वामी ने भी गठबंधन की अटकलें खारिज कीं

इससे पहले रविवार को एआईएडीएमके के महासचिव ईके पलानीस्वामी ने कहा कि न तो उनकी पार्टी और न ही उसके सहयोगी दलों ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए टीवीके से कोई बातचीत की है। पार्टी के आयोजित इफ्तार कार्यक्रम में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि टीवीके के साथ गठबंधन की मीडिया में चल रही अटकलें पूरी तरह गलत हैं।

पलानीस्वामी ने यह स्पष्ट किया कि टीवीके एनडीए का हिस्सा बनने की संभावना नहीं है और 11 और 14 मार्च को भी उन्होंने यही बात दोहराई थी।