हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। देवी नगर इलाके में एक पिता पर अपनी ही बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

मृत युवती की पहचान लगभग 23-24 वर्षीय चीनू के रूप में हुई है, जो नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी।

चाकू से हमला कर दी हत्या

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता अनिल ने कथित तौर पर झूठी प्रतिष्ठा के चलते बेटी पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पिता को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस इस मामले को ऑनर किलिंग के एंगल से भी देख रही है।

गुरुग्राम में भी सामने आया था ऐसा मामला

हाल ही में गुरुग्राम में भी इसी तरह की एक घटना सामने आई थी, जहां पूर्व राष्ट्रीय स्तर की टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उनके पिता ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया गया था कि राधिका ने कुछ समय पहले अपनी टेनिस अकादमी शुरू की थी। परिवार के भीतर अकादमी को लेकर विवाद चल रहा था और इसी तनाव के बीच यह घटना हुई थी।