ओडिशा में भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत की गिरफ्तारी की खबरों को पुलिस ने सिरे से खारिज कर दिया है। कटक पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि राकेश को न तो हिरासत में लिया गया है और न ही उनकी गिरफ्तारी हुई है।

पुलिस के मुताबिक, राकेश टिकैत एक किसान संगठन के निमंत्रण पर राज्य में आयोजित रैली में शामिल होने आए थे। फिलहाल वे एक सरकारी गेस्ट हाउस में ठहरे हुए हैं और पूरी तरह स्वतंत्र हैं। अधिकारियों ने बताया कि उनकी वापसी की फ्लाइट आज शाम निर्धारित है, हालांकि वे चाहें तो उससे पहले भी रवाना हो सकते हैं।

रैली समय से पहले हुई आयोजित
पुलिस आयुक्त ने जानकारी दी कि किसानों की प्रस्तावित रैली 31 मार्च को होनी थी, लेकिन इसे एक दिन पहले ही आयोजित कर लिया गया। इस दौरान कुछ आयोजकों को जरूर एहतियातन हिरासत में लिया गया है।

अन्य नेताओं को लेकर भी स्पष्टता
अधिकारियों ने यह भी साफ किया कि लोकसभा सांसद सुधाकर सिंह की गिरफ्तारी को लेकर चल रही खबरें भी गलत हैं। उन्हें प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।