राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने वर्ष 2026 के 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। लंबे इंतजार के बाद जारी हुए इस रिजल्ट में इस बार कुल 96.23 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं। हालांकि, पिछले वर्ष के 98.43 प्रतिशत के मुकाबले इस बार परिणाम में करीब 2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
इस वर्ष साइंस स्ट्रीम में दीपिका ने 99.8 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं आर्ट्स स्ट्रीम में नव्या मीणा और नरपत ने 99.6 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया है। बोर्ड ने परिणाम के साथ टॉपर्स की सूची भी जारी कर दी है।
लड़कियों का प्रदर्शन फिर रहा बेहतर
हर साल की तरह इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। सभी स्ट्रीम में लड़कियों का पास प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया है, जिससे एक बार फिर उनकी बढ़त कायम रही। पिछले वर्ष भी लड़कियों ने बेहतर परिणाम दिया था।
स्ट्रीम वाइज प्रदर्शन
इस बार आर्ट्स स्ट्रीम का रिजल्ट सबसे बेहतर रहा, जहां 97.54 प्रतिशत छात्र पास हुए। वहीं साइंस स्ट्रीम में 97.52 प्रतिशत और कॉमर्स में 93.64 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित किए गए।
पिछले वर्षों का रुझान
बीते कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पास प्रतिशत में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 2025 में कॉमर्स स्ट्रीम का परिणाम सबसे अधिक 99.07 प्रतिशत रहा था, जबकि 2021 में तीनों स्ट्रीम का रिजल्ट 99 प्रतिशत से ऊपर रहा था।
परीक्षा और पंजीकरण
इस वर्ष 12वीं की परीक्षाएं 11 मार्च को समाप्त हुई थीं, जिसमें करीब 9.10 लाख छात्रों ने भाग लिया। खास बात यह रही कि बोर्ड के इतिहास में पहली बार 12वीं का रिजल्ट मार्च महीने में ही घोषित किया गया है। इससे पहले 10वीं का परिणाम 24 मार्च को जारी किया जा चुका है।
ऐसे देखें रिजल्ट
छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें रोल नंबर दर्ज कर परिणाम डाउनलोड करना होगा। भविष्य के लिए मार्कशीट का प्रिंट निकालकर सुरक्षित रखना जरूरी है।