मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना पुलिस ने बिजली ट्रांसफार्मरों से एल्यूमीनियम तार चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस कार्रवाई में सामने आया है कि यह गिरोह जिले के कई थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों ने छपार, पुरकाजी, मंसूरपुर और बुढ़ाना क्षेत्रों में हुई आठ चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के पास से करीब 220 किलो एल्यूमीनियम तार और कॉइल बरामद की गई है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वहलना निवासी जोगेंद्र उर्फ टीना, मदारपुरा निवासी मनोज उर्फ मोनू, प्रेमनगर निवासी अहसान, सरधना निवासी अरविंद, सौरभ और शौकीन के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें चोरी का माल बेचने की तैयारी करते समय दबोचा।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे और लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। जांच में सामने आया कि जोगेंद्र गिरोह का मुख्य सरगना है, जिसके खिलाफ पहले से 34 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मनोज पर 35 और अरविंद पर 18 मामले दर्ज बताए गए हैं। कुल मिलाकर सभी आरोपियों पर 100 से अधिक मुकदमे दर्ज होना सामने आया है।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि लोनी निवासी अहसान चोरी के तार और अन्य सामग्री की खरीद-फरोख्त करता था। पुलिस को गिरोह से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस खुलासे के दौरान एसपी देहात आदित्य बंसल, एसपी यातायात अतुल चौबे, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र सिंह और शाहपुर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह मौजूद रहे।