प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी दी कि उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत हुई है। इस बातचीत के बाद अमेरिका द्वारा ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर लगाए जाने वाले टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत किए जाने का फैसला सामने आया। प्रधानमंत्री ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप का आभार जताया और कहा कि यह कदम भारत की 140 करोड़ आबादी के लिए खास महत्व रखता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि जब दुनिया के दो बड़े लोकतंत्र और अग्रणी अर्थव्यवस्थाएं आपसी सहयोग को आगे बढ़ाती हैं, तो उसका सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचता है। उन्होंने इसे भारत-अमेरिका संबंधों के लिए एक सकारात्मक मोड़ बताते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के बीच साझेदारी के नए रास्ते खुलेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि की दिशा में राष्ट्रपति ट्रंप की भूमिका अहम है और भारत उनके प्रयासों का समर्थन करता है।

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वे राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मिलकर भारत-अमेरिका रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेंगे। उनका कहना था कि टैरिफ में कटौती से भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर अवसर मिलेंगे और ‘मेड इन इंडिया’ को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में बताया था कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ मित्रता और आपसी सम्मान के चलते भारत-अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौता तय हुआ है। इसके तहत अमेरिका ने पारस्परिक शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का फैसला लिया है। ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत की ओर से अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क और अन्य बाधाओं को कम करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार, भारत ने ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला समेत कई क्षेत्रों में अमेरिका से बड़े पैमाने पर उत्पाद खरीदने की प्रतिबद्धता भी जताई है, जिसकी कुल राशि 500 अरब डॉलर से अधिक हो सकती है।

इधर, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस फैसले पर खुशी जाहिर की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी को अपना करीबी मित्र मानते हैं और यह व्यापारिक समझौता दोनों देशों के रिश्तों में अपार संभावनाओं का संकेत है।