नई दिल्ली। हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने उत्तर भारत के मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल दिया है। पहाड़ों से चल रही बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में भी ठिठुरन और गलन बढ़ गई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 3 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा देखने को मिल सकती है।

पहाड़ों में शून्य से नीचे पहुंचा पारा

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान तेजी से गिरा है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में पारा माइनस 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि लद्दाख के द्रास में न्यूनतम तापमान माइनस 15 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज भी बर्फबारी और बारिश जारी रह सकती है।

कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी

IMD ने पंजाब, हरियाणा और उत्तरी मध्य प्रदेश में घने कोहरे की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राजस्थान के 17 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मध्य प्रदेश के करीब 20 जिलों में बारिश के आसार भी बने हुए हैं।

बिहार में कम होगी दृश्यता

बिहार के पांच जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है, जिससे विजिबिलिटी घट सकती है। राजधानी पटना में बादल छाए रहने के साथ ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और ज्यादा महसूस किया जाएगा।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश के संकेत

दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

यूपी में ठंडी हवाओं के साथ बारिश

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और तेज ठंडी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। प्रयागराज, वाराणसी, चित्रकूट, झांसी, आजमगढ़ और बलिया जैसे क्षेत्रों में शीतलहर का प्रभाव रहेगा। वहीं लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, मथुरा और आगरा में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है।