लाहुल-स्पीति के कडू नाला में हादसा, मलबे में फंसी टैक्सी; एक की मौत

HIGHLIGHTS
- लाहुल-स्पीति के कडू नाला में टाटा सूमो टैक्सी चट्टानों की चपेट में आई, एक व्यक्ति की मौत की सूचना।
- वाहन में चालक समेत करीब 14 लोगों के सवार होने की जानकारी, बचाव अभियान जारी।
- बीआरओ, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
पांगी। जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के उदयपुर-किलाड़ मार्ग (तांदी-संसारी राष्ट्रीय राजमार्ग) पर शुक्रवार (24 जुलाई, 2026) दोपहर कडू नाला के पास बड़ा हादसा हो गया। कुल्लू से पांगी जा रही एक टाटा सूमो टैक्सी (एचपी-01एम-2210) पहाड़ी से गिरी भारी चट्टानों की चपेट में आ गई।
हादसे में एक व्यक्ति की मौत की जानकारी सामने आ रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक समेत करीब 14 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि उदयपुर-किलाड़ मार्ग बंद होने के कारण सभी यात्री पिछले दिन तिंदी में रुके हुए थे।
शुक्रवार को मार्ग खुलने के बाद टैक्सी पांगी के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर गिरने लगे, जिसकी चपेट में वाहन आ गया। घटना के तुरंत बाद सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे एक घायल व्यक्ति को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि, इलाज के दौरान घायल व्यक्ति की मौत हो गई। प्रशासन की ओर से अभी तक मृतक की पहचान और वाहन में सवार अन्य यात्रियों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही लाहुल पुलिस, तिंदी थाना पुलिस, उदयपुर प्रशासन, जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पांगी के कार्यकारी आवासीय आयुक्त और एसडीएम अमनदीप सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। राहत और बचाव कार्यों की निगरानी लगातार की जा रही है।
प्रशासन और बचाव दल मलबा हटाकर वाहन तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि वाहन में सवार कुछ अन्य यात्री अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।
खराब मौसम और लगातार गिर रहे मलबे के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन व आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर भरोसा करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.