NEET विवाद पर सचिन तेंदुलकर का बयान, बोले- मेहनत करने वाले छात्रों को मिलना चाहिए सही फल

HIGHLIGHTS
- सचिन तेंदुलकर ने NEET पेपर लीक विवाद के बीच छात्रों का समर्थन किया और उनकी निराशा को समझने की बात कही।
- सचिन ने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं को उनकी काबिलियत का सही फल मिलना चाहिए और शॉर्टकट से बचना चाहिए।
- पूर्व क्रिकेटर ने उम्मीद जताई कि इस मामले का समाधान निकलेगा और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं आएगी।
नई दिल्ली। भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र प्रदर्शन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि आज युवा निराशा महसूस कर रहे हैं। बता दें कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, जो 20 जुलाई को हिंसक हो गया था।
हिंसक प्रदर्शन के बाद पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के गोले छोड़े थे। प्रदर्शनकारी नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसी बीच सचिन तेंदुलकर ने कहा कि युवाओं को उनकी मेहनत का सही परिणाम मिलना चाहिए और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने अपने संदेश में अपने दिवंगत पिता को भी याद किया।
सचिन तेंदुलकर ने कही ये बात
सचिन तेंदुलकर ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "मेरे पिता एक प्रोफेसर थे। वे युवा छात्रों के सलाहकार और मार्गदर्शक थे। उन्होंने शुरुआत से ही सिखाया था कि असफलता स्वीकार्य है, लेकिन नकल करना सही नहीं है। कभी भी शॉर्टकट का रास्ता नहीं अपनाना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा कि समाज में बड़े होने के नाते सभी की जिम्मेदारी है कि संस्कृति को सही दिशा में आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने लिखा कि जो लोग मेहनत से ज्यादा परिणामों को महत्व देते हैं, वे योग्यता के बजाय शॉर्टकट को चुनने लगते हैं।
तेंदुलकर ने कहा, "आज छात्र निराशा महसूस कर रहे हैं क्योंकि उन्हें उनकी मेहनत का फल नहीं मिला है। उनकी निराशा समझी जा सकती है। हम सभी को मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आगे ऐसा दोबारा न हो।"
युवाओं के भविष्य को लेकर जताई चिंता
सचिन तेंदुलकर ने कहा कि युवा भारत की ऊर्जा और सपनों का आधार हैं। उन्होंने माता-पिता, शिक्षकों, दोस्तों, रिश्तेदारों, स्कूलों और प्रशासकों की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि सभी को मिलकर युवाओं को प्रोत्साहित और उत्साहित रखना चाहिए।
समाधान निकलने की जताई उम्मीद
सचिन तेंदुलकर ने उम्मीद जताई कि इस मामले का समाधान निकलेगा और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा माहौल बनना चाहिए जहां मेहनत करने वालों को सम्मान मिले, ईमानदारी को बढ़ावा मिले और योग्यता की जीत हो।
उन्होंने लिखा कि सभी मिलकर बच्चों के भविष्य को मजबूत कर सकते हैं और उनकी उम्मीदों को बनाए रख सकते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.