बरेली में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, गांव में तनाव; पुलिस ने शुरू की जांच

HIGHLIGHTS
- प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा टूटा मिला।
- घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
- पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र के भिलैया गांव में शरारती तत्वों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा टूटा देखा। इसके बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
आंबेडकर पार्क में लगी है प्रतिमा
भिलैया गांव के बाहर सड़क किनारे करीब तीन बीघा जमीन पर आंबेडकर पार्क बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्क की चारदीवारी नहीं है। मंगलवार सुबह ग्रामीण पार्क पहुंचे तो उन्होंने प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा टूटा हुआ पाया। प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
पुलिस ने जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलने के बाद बहेड़ी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रतिमा का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना को अंजाम देने वाले शरारती तत्वों की तलाश की जा रही है।
ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि पार्क की चारदीवारी नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पार्क की सुरक्षा बढ़ाने और प्रतिमा की मरम्मत कराने की भी मांग की है।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.