रोहिणी में कारोबारी के घर फर्जी CBI छापे की कोशिश, पत्नी की सूझबूझ से नाकाम हुई साजिश

HIGHLIGHTS
- 8 से 10 संदिग्ध लोगों ने CBI अधिकारी होने का दावा किया
- संदिग्धों ने कारोबारी के घर तलाशी लेने की बात कही
- महिला ने बिना उचित प्राधिकरण के घर में प्रवेश देने से इनकार किया
नई दिल्ली। दिल्ली के रोहिणी में एक कारोबारी के घर फिल्म 'स्पेशल 26' के अंदाज में फर्जी सीबीआई छापे की कोशिश का मामला सामने आया है। कारोबारी की पत्नी की सूझबूझ के चलते यह साजिश नाकाम हो गई। उन्होंने सीबीआई अधिकारी होने का दावा करने वाले 8 से 10 लोगों के लिए घर का दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, सीबीआई टीम बनकर आरोपी कारोबारी के घर पहुंचे लोगों ने तलाशी लेने का दावा किया। उन्होंने बिना उचित प्राधिकरण या अपनी पहचान बताए घर में प्रवेश करने की कोशिश की। महिला ने कथित दबाव और धमकियों के बावजूद उन्हें अंदर नहीं आने दिया।
इसके बाद संदिग्ध नकली अधिकारी करीब डेढ़ घंटे तक घर के बाहर मौजूद रहे। मौके पर पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए और उन्होंने समूह से तलाशी वारंट समेत अन्य दस्तावेजों के बारे में जानकारी मांगी।
दस्तावेज मांगने पर चले गए संदिग्ध
जब समूह से नोटिस की प्रति मांगी गई तो उन्होंने कथित तौर पर बताया कि दस्तावेज उनकी कार में रखा है। इसे लाने की बात कहकर वे मौके से चले गए। इसके बाद परिवार ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल की। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।
CBI का प्रतीक चिह्न और पहचान पत्र
शिकायत के अनुसार, संदिग्ध नकली अधिकारियों ने सीबीआई का प्रतीक चिह्न लगे कपड़े पहने हुए थे। उनके पास सीबीआई अधिकारी होने का दावा करने वाले पहचान पत्र भी मौजूद थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.