बागपत: खेत में धंसे ट्रैक्टर को निकालना पड़ा भारी, दो किसानों की मौत

HIGHLIGHTS
- अहेड़ा गांव में खेत से ट्रैक्टर निकालने की कोशिश के दौरान दो किसानों की मौत।
- ट्रैक्टर पलटने से अजयपाल और प्रवीण दब गए, ग्रामीणों ने शव बाहर निकाले।
- प्रशासन ने घटना की रिपोर्ट तैयार कर परिवारों को सहायता का भरोसा दिया।
बागपत: अहेड़ा गांव में खेत में फंसे ट्रैक्टर को निकालने की कोशिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार देर रात हुए हादसे में दो किसान ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान अजयपाल (50) और प्रवीण (29) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजबीर का बेटा राजन धान की रोपाई के लिए खेत तैयार कर रहा था। इसी दौरान उसका ट्रैक्टर गीली मिट्टी में धंस गया। काफी प्रयास के बाद भी जब ट्रैक्टर बाहर नहीं निकला तो उसने गांव के किसान अजयपाल को मदद के लिए बुलाया।
अजयपाल अपने ट्रैक्टर से रस्सी और जंजीर बांधकर फंसे हुए ट्रैक्टर को निकालने का प्रयास करने लगे, लेकिन उनका ट्रैक्टर भी मिट्टी में फंस गया। इसके बाद राजन ने अपने छोटे भाई प्रवीण को ट्रैक्टर लेकर बुलाया। प्रवीण ने भी ट्रैक्टर निकालने की कोशिश की, लेकिन उनका ट्रैक्टर भी धंस गया।
इसके बाद कई ट्रैक्टरों की मदद से फंसे हुए वाहनों को निकालने का प्रयास किया गया। बताया गया कि अजयपाल और प्रवीण के ट्रैक्टर किसी तरह खेत से निकलकर कच्चे रास्ते तक पहुंच गए थे। इसी दौरान मिट्टी खिसकने से अजयपाल का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसा इतना गंभीर था कि अजयपाल ट्रैक्टर के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रवीण का ट्रैक्टर भी पलट गया और वह कंटीले तारों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने इसे हादसा दर्ज किया है। ग्रामीणों ने मृतक किसानों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
वहीं एसडीएम ज्योति शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम को गांव भेजा गया है। लेखपाल निकिता चौधरी द्वारा रिपोर्ट तैयार की जा रही है और नियमानुसार पीड़ित परिवारों की सहायता की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.