दलेर मेहंदी के समर्थन में आए कपिल शर्मा, सिंगर की सर्जरी को लेकर किया बड़ा खुलासा

HIGHLIGHTS
- कपिल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर मीका सिंह का वीडियो साझा किया।
- कपिल ने कहा कि दलेर मेहंदी की हाल ही में बड़ी सर्जरी हुई है।
- मीका सिंह ने शराब पीकर गाने के आरोपों को खारिज किया।
सिंगर दलेर मेहंदी उत्तराखंड में एक स्टेज शो को लेकर सुर्खियों में हैं। कार्यक्रम के दौरान उनकी परफॉर्मेंस से नाराज नरेंद्रनगर के विधायक सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए थे। उन्होंने दलेर मेहंदी को ठीक से गाना न गाने को लेकर फटकार लगाई और उन पर शराब के नशे में होने का आरोप भी लगाया।
इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने दलेर मेहंदी का मजाक उड़ाया, जबकि कई लोग उनके समर्थन में खड़े हुए। अब इस मामले में कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी सिंगर का पक्ष लिया है।
कपिल शर्मा ने क्या कहा?
विवाद के बाद मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी का बचाव किया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि दलेर मेहंदी नशे में नहीं थे। मीका के इसी वीडियो को कपिल शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए दलेर मेहंदी के लिए भावुक संदेश लिखा।
कपिल शर्मा ने बताया कि दलेर पाजी की हाल ही में एक बड़ी सर्जरी हुई है, जिसके बारे में लोगों को जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें दूसरों के प्रति थोड़ा और संवेदनशील होना चाहिए, क्योंकि हमें यह नहीं पता होता कि कोई व्यक्ति किस परिस्थिति से गुजर रहा है।
कपिल ने मीका सिंह की भी सराहना की, जिन्होंने अपने भाई के समर्थन में सामने आकर पूरे मामले पर अपनी बात रखी। कपिल ने लिखा, 'मीका पाजी, सफाई देने के लिए आपका शुक्रिया। भगवान दलेर पाजी को आशीर्वाद दें। हम आपसे प्यार करते हैं, दलेर पाजी।'
मीका सिंह ने किया दलेर मेहंदी का बचाव
इससे पहले मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि खबरों में दलेर मेहंदी के शराब पीकर गाने और ठीक से परफॉर्म न कर पाने की बातें कही जा रही हैं।
मीका ने सवाल उठाया कि दलेर मेहंदी पिछले 30 साल से सुपरस्टार हैं। क्या किसी ने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है या उनकी जन्मदिन की पार्टी में शराब बहते हुए देखी है? उन्होंने कहा कि जब किसी ने ऐसा नहीं देखा, तो यह दावा कैसे किया जा सकता है कि दलेर मेहंदी से ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था।
मीका सिंह ने यह भी बताया कि दलेर मेहंदी की हाल ही में बड़ी सर्जरी हुई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मौजूद मंत्री मंच पर आए और उन्होंने दलेर मेहंदी को ठीक से गाना न गाने को लेकर फटकार लगाई। मीका ने कहा कि परफॉर्मेंस को लेकर आलोचना करना अलग बात है, लेकिन यह कहना गलत है कि दलेर मेहंदी शराब पीकर गा रहे थे।
उन्होंने इस आरोप को चुनौती देते हुए कहा, 'मैं चैलेंज करता हूं, अगर एक बंदा बोल दे 'हमने दलेर को शराब पीते हुए देखा है', तो मैं गाना ही छोड़ दूंगा।'
परफॉर्मेंस के दौरान मंच पर पहुंचे थे सुबोध उनियाल
दलेर मेहंदी उत्तराखंड में हुए एक स्टेज शो के दौरान अपनी परफॉर्मेंस को लेकर विवादों में आए। कार्यक्रम में उनके ठीक से गाना न गाने पर नरेंद्रनगर के विधायक सुबोध उनियाल ने नाराजगी जताई थी। वह परफॉर्मेंस के बीच ही मंच पर पहुंच गए और सिंगर को टोकते हुए उन्हें फटकार लगाई थी। इसके बाद इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.