बागपत: गांगनौली कट की मांग को लेकर किसानों की तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा, एक्सप्रेसवे पर किया प्रदर्शन

HIGHLIGHTS
- गांगनौली कट की मांग को लेकर किसान 98 दिनों से धरने पर हैं।
- नरेश टिकैत ने किसानों के साथ ध्वजारोहण किया।
- पुलिस ने गांगनौली कट पर भारी पुलिसबल तैनात किया था।
बागपत: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांगनौली में कट की मांग को लेकर किसानों ने तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा निकाली। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों ने पुलिस की बैरिकेडिंग हटा दी और एक्सप्रेसवे पर पहुंच गए। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। बिजरौल कट से एक्सप्रेसवे से नीचे उतरने के बाद भाकियू कार्यकर्ता बड़ौत तहसील पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया।
गांगनौली में कट की मांग को लेकर किसान 98 दिनों से धरने पर बैठे हैं। स्वतंत्रता दिवस पर उन्होंने एक्सप्रेसवे पर तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा निकालने का एलान किया था। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गांगनौली कट पर भारी पुलिसबल तैनात किया था। शनिवार को भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद किसान तिरंगा यात्रा लेकर एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ने लगे।
अपर जिलाधिकारी विनीत उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण चौहान, उप जिलाधिकारी बालकृष्ण सिंह और क्षेत्राधिकारी बड़ौत अंशु जैन ने किसानों को रोकने की कोशिश की। किसान नहीं माने और बैरिकेडिंग हटाने को लेकर पुलिसकर्मियों से उनकी नोकझोंक हुई। इसके बाद किसान बैरिकेडिंग हटाकर एक्सप्रेसवे पर पहुंच गए। यहां यात्रा करीब एक किलोमीटर लंबी हो गई। पुलिस ने वाहन चालकों की परेशानी को देखते हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को एक तरफा कर दिया।
अधिकारियों ने किसानों से जल्द वार्ता करने की बात कही और उन्हें समझाया। इसके बाद किसान बिजरौल कट से एक्सप्रेसवे से नीचे उतर गए। इसके बाद वे बड़ौत तहसील पहुंचे और अपनी मांगें जल्द पूरी करने की मांग की। उप जिलाधिकारी बालकृष्ण सिंह ने बताया कि किसानों से बातचीत जारी है और जल्द समाधान निकलने का आश्वासन दिया गया है।
नरेश टिकैत बोले, किसी को समस्या हुई हो तो हम खेद जताते हैं
किसानों ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांगनौली के अस्थायी कट से बिजरौल तक 12 किलोमीटर लंबी तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा निकाली। यात्रा के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई। बड़ौत तहसील पहुंचने पर नरेश टिकैत ने कहा कि अगर यात्रा के कारण किसी को परेशानी हुई हो तो उन्हें खेद है।
उन्होंने कहा कि डेढ़ माह पहले ही तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा निकालने की चेतावनी दे दी गई थी। टिकैत ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि वाहन चालकों के लिए पहले से व्यवस्था की जानी चाहिए थी।
टटीरी कट से एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टरों को चढ़ने से रोका
गांगनौली कट से निकाली गई तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा में शामिल होने के लिए भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर के नेतृत्व में किसान टटीरी कट पहुंचे। अधिकारियों ने रास्ते में बैरिकेडिंग और क्रेन लगाकर उन्हें एक्सप्रेसवे पर चढ़ने से रोक दिया। उप जिलाधिकारी दिग्विजय सिंह ने भाकियू नेताओं को समझाकर एक्सप्रेसवे पर जाने से रोका।
इसके बाद किसानों को दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे के रास्ते गांगनौली भेजा गया। बिजरौल कट से एक्सप्रेसवे से नीचे उतरने के बाद भाकियू कार्यकर्ता बड़ौत तहसील पहुंचे।
तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा में ये रहे शामिल
तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा में गौरव टिकैत, राठी खाप चौधरी कृष्ण देव राठी, चौधरी शोकिंद्र भैंसवाला, चौधरी रविंद्र लाख, चौधरी संजय कालखंडे लिलोन, चौधरी रविंद्र मलिक, चौधरी जितेंद्र धामा, थांबा चौधरी आजाद सिंह, राजेंद्र चौधरी और बिजेंद्र प्रधान शामिल रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.