सहारनपुर: मोरा जंगल में गोवंश अवशेष मिलने के बाद पुलिस मुठभेड़, दो गोकश गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मोरा जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर गोवंश के अवशेष मिले थे।
- घटना के 24 घंटे के भीतर बड़गांव पुलिस ने कार्रवाई की।
- चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध मिले।
सहारनपुर: गांव मोरा के जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर गोवंश के अवशेष मिलने के 24 घंटे के भीतर बड़गांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में दो गोकशों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौके से अवैध असलहे, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
सोमवार सुबह थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार भड़ाना और उपनिरीक्षक संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ बड़गांव-नानौता रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान गांव खुदाबक्शपुर माजरा की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी और मोरा के जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस ने उनका पीछा किया। भागने के दौरान बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने दोबारा पुलिस पर गोलियां चलाईं। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा बदमाश जंगल की ओर भाग गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी पकड़ लिया।
मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान आमिर पुत्र खालिक निवासी ग्राम पांडौली, थाना नागल के रूप में हुई है। उसे घायल अवस्था में नानौता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। दूसरे गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र सगीर निवासी ग्राम मिर्जापुर, थाना बड़गांव के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, चार कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि घायल आमिर के खिलाफ बड़गांव थाने में गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरिफ के खिलाफ गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और चोरी का एक-एक मुकदमा दर्ज है।
सीओ अमित सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी 16 अगस्त को मोरा जंगल में हुई गोकशी की घटना में भी शामिल थे। मुठभेड़ के बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और नमूने एकत्र किए। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.